फैजाबाद-लखनऊ हाईवे पर आरटीओ कार्यालय के सामने हुआ हादसा
फैजाबाद। फैजाबाद-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा एक युवती को बचाने के चक्कर में हुआ। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है जबकि चालक मौके से भाग गया।
यह हादसा फैजाबाद-लखनऊ हाईवे पर स्थित आरटीओ कार्यालय के सामने कौशलपुरी कॉलोनी मोड़ के पास दोपहर करीब 12 बजे हुआ। कंपनी का एक नया ट्रैक्टर लखनऊ की तरफ से आ रहा था, इस दौरान एक निजी वाहन से उतरकर कौशलपुरी कॉलोनी जा रहे हरीफुल पाठक (52) निवासी सारी पूरी थाना इनायतनगर सड़क पार कर रहे थे।
इस दौरान वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गए, वहीं उनको बचाने के प्रयास में हड़बड़ाए चालक ने प्रिया (17) कौशल निवासी मोदहा थाना कैंट को भी रौंद दिया। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद पुलिस व स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान हरीफुल पाठक ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना पर एसपी सिटी अनिल कुमार सिंह, सीओ सिटी विक्रांत वीर समेत अन्य अधिकारी जिला अस्पताल में पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस संदर्भ में थाना प्रभारी कैंट राजेश कुमार सिंह का कहना है कि हादसा करने वाला ट्रैक्टर नया था और लखनऊ से आ रहा था।
संबंधित कंपनी से संपर्क कर आरोपी चालक का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरीफुल ने कौशलपुरी में मकान बनवा रखा था और वह वहीं जा रहे थे, तभी ये हादसा हुआ। वहीं उनको बचाने के चक्कर में एक युवती भी ट्रैैक्टर की चपेट में आ गई, जिसमें दोनों की मौत हो गई है।