लुटेरों के गिरोह का सरगना समेत दो गिरफ्तार
फैजाबाद। नगर कोतवाली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय लूट गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस को इनके पास से दो तमंचा, दो बाइक व करीब एक लाख रुपए भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और इन्होंने फैजाबाद समेत आसपास के जनपदों में एक दर्जन से अधिक लूट की वारदातों को अंजाम दिया है।
एसएसपी फैजाबाद सुभाष सिंह बघेल ने बताया कि जिले में हो रही लूट की घटनाओं को देखते हुए एसपी सिटी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस समेत स्वाट टीम को लगाया गया था।
इस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार सुबह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया नाका के निकट दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान सुधीर यादव व राहुल यादव निवासी नयाटोला जुराबगंज थाना कोढ़ा जनपद कटिहार बिहार के रूप में हुई।
आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपने दो और साथी शिवपूजन यादव व अमन यादव निवासी उपरोक्त को भी लूट की वारदातों में शामिल होना बताया है। एसएसपी के अनुसार, इस गिरोह का सरगना सुधीर यादव है।
ये सभी फर्जी आईडी के सहारे छात्रावास व किराए का मकान लेकर रहते थे और बैंकों के आसपास रेकी कर रकम ले जा रहे लोगों को लूट का शिकार बनाते थे।
बताया कि 2 अक्टूबर 2016 में अमानीगंज में हृदयराम गुप्ता से हुई 6 हजार की लूट, 24 मई 2017 को पहाड़गंज के दिनेश मिश्रा के साथ हुई 70 हजार की लूट, 23 जून 2017 को रुदौली के मो. हकीम से 50 हजार की लूट, 1 मई 2017 को इनायतनगर के झाडू व्यवसायी राजेश मिश्र से 10 हजार की लूट समेत सुलतानपुर, रायबरेली, अंबेडकरनगर, अमेठी व प्रतापगढ़ में हुई कई लूट की वारदातें कबूल की हैं।
वहीं, पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश के साथ बिहार से उनके आपराधिक इतिहास जानने का प्रयास कर रही है। पुलिस की इस सफलता पर आईजी फैजाबाद ने 12 हजार व एसएसपी ने पांच हजार रुपए पुरस्कार देने की घोषणा की है।