अवैध वसूली करते सिपाही का वीडियो वायरल, आरोपी लाइन हाजिर
फैजाबाद। सोशल मीडिया पर एक सिपाही द्वारा घूस लेने का वीडियो वायरल हुआ। एसपी ग्रामीण संजय कुमार के अनुसार आरोपी सिपाही अब्दुल हमीद मवई थाने में तैनात है। जो किसी व्यक्ति से रुपये का लेन-देन करता नजर आ रहा है, वीडियो 15 जून का है।
बताया कि फिलहाल उसे लाइन हाजिर कर दिया गया है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर निलंबन की कार्रवाई की जा रही हैं। वायरल वीडियो मवई थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे के किनारे मवई चौराहा स्थित पुलिस बूथ का बताया जा रहा है।
जहां मवई थाना में तैनात अब्दुल हमीद नाम के सिपाही एक व्यक्ति से रुपये लेता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि सिपाही रात्रि में आने जाने वाले वाहनों के चालक से वसूली कर रहा है।
वायरल वीडियो में सिपाही समेत तीन लोग नजर आ रहे है, जिनमें से एक व्यक्ति सिपाही के पैर के पास बैठा हुआ है, दूसरा बगल में खड़ा हुआ है।
वीडियो में सिपाही बगल में खड़ेे व्यक्ति से रुपये मांगता है तो जवाब मिलता है कि साहब मेरे पास 10 रुपये भी नहीं बचेंगे सुबह सहरी खाने के लिए। तब सिपाही कहता है कि कितने रुपये दे सकते हो, इस पर युवक कहता है कि 800 रुपये दे सकता हूं।
उसके बाद युवक कुछ सौ-सौ के नोट निकाल कर देता है, तो सिपाही उसमें से एक नोट वापस करता है। इस दौरान वहां बैठा हुआ दूसरा व्यक्ति कहता है कि साहब मैंने इनको पहले ही बताया था कि साहब से पहले मिल लो लेकिन ये माने नहीं।
वहीं सिपाही अब्दुल हमीद का कहना है यह वीडियो फर्जी है। मामले की जांच रिपोर्ट थानाध्यक्ष मवई रिकेश सिंह व सीओ रुदौली अमर सिंह ने एसएसपी को भेजी है।
एसपी ग्रामीण संजय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो 15 जून का है, जिसमें यह सिपाही किसी व्यक्ति से वसूली कर रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर सिपाही अब्दुल हमीद को लाइन हाजिर कर दिया गया है। बताया कि सिपाही को निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही हैं, उस पर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।