वारंटियों की तलाश में गए दो सिपाहियों की पिटाई, केस दर्ज
फैजाबाद। वारंटियों की तलाश में गए बीकापुर कोतवाली के दो सिपाहियों की कुछ अज्ञात लोगों ने पिटाई कर दी और मोबाइल व बाइक छीनकर भाग गए। हमलावर युवकों की संख्या चार बताई जाती है। जो तीन अलग-अलग बाइक पर सवार थे। पीड़ित सिपाही की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मारने-पीटने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौज तथा लूट की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया है।
बीकापुर कोतवाली में तैनात सिपाही धीरेंद्र मिश्रा व विनय कुमार यादव का आरोप है कि रविवार शाम करीब 6 बजे एक बाइक से दोनों लोग नगर पंचायत क्षेत्र के तेंदुआ माफी गांव में वारंटियों के तामिला व तलाश में गए थे। तेंदुआमाफी गांव के पास कांशीराम आवासीय कॉलोनी में कुछ लोग मौजूद थे और वहां तीन बाइक भी खड़ी थी। जब जानकारी करने पहुंचे तो आवासीय कॉलोनी से चार युवक बाहर निकले और दोनों सिपाहियों को गाली देते हुए हमला बोल दिया व सिपाही विनय कुमार यादव का मोबाइल भी छीन लिया। दोनों सिपाही अपनी जान बचाकर अपनी बाइक छोड़कर मौके से भाग निकले। सूचना पाकर जब कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर युवक व सिपाही की बाइक गायब मिली। दोनों सिपाहियों का रविवार रात में सामुदायिक स्वास्थ्य बीकापुर लाकर चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। प्रभारी निरीक्षक रामचंद्र सरोज ने बताया कि सिपाही धीरेंद्र मिश्रा की तहरीर पर तीन बाइक पर सवार चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ संबंधित धारा में केस दर्ज करके तलाश की जा रही है। जांच अधिकारी चौरे बाजार पुलिस चौकी प्रभारी फिरतू यादव ने बताया कि कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।