रुदौली। बिजली चोरी पकड़े जाने पर बौखलाए एक कांग्रेस नेता ने 10 साथियों के साथ जेई के नेतृत्व में छापा मारने वाली पावर कॉर्पोरेशन की पूरी टीम पर घेरकर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। घटना रूदौली कोतवाली के कस्बा स्थित सोफियाना मोहल्ले में बुधवार शाम चार बजे की है। जेई ने कोतवाली में कांग्रेस नेता समेत 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध सरकारी में बाधा डालने व जानलेवा हमला व धमकी का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले मेें अवर अभियंता व बिजली मजदूर संगठनों ने गिरफ्तारी न होने पर हड़ताल की चेतावनी दी है।
बाबाबाजार विद्युत उपकेंद्र के जेई श्रवण कुमार प्रसाद के साथ लाइनमैन संजय कुमार, संविदा कर्मी गोविंद कुमार, समर बहादुर, शिव लाल, जितेंद्र कुमार की टीम बुधवार शाम लगभग 4 बजे सोफियाना मोहल्ले में पहुंची। मोहल्ले में कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष एम आसिम मुन्ना स्ट्रीट लाइट की केबल से घर का कनेक्शन जोड़ कर बिजली चोरी करते पकड़े गए। जेई ने जब घर में लगा मीटर चेक कराने और बिजली कनेक्शन के कागजात मांगा तो कांग्रेस नेता ने मोहल्ले के 10 लोगों को बुलाकर घेर लिया। जेई ने बताया कि मुझे और पूरी टीम को घेरकर से लाठी-डंडे से पिटाई की गई। किसी तरह जान बचाकर भागना पड़ा।
अधिशासी अभियंता दीपेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि उप खंड रूदौली व सोहावल से आई पावर कॉर्पोरेशन की टीम अवैध बिजली कनेक्शन की जांच और बकाया वसूली करने सुबह निकली थी। जिसे घेरकर सोफियाना मुहल्ले में हमला बोला गया। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जेई श्रवण प्रसाद ने बताया कि आसिम मुन्ना और उनके 10 अज्ञात साथियों ने मारपीट की है। सरकारी कार्य करने से रोक दिया है। कोतवाल जयवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, सीएचसी में इलाज कराया जा रहा है। आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छापामारी कर गिरफ्तारी की जाएगी। अवर अभियंता संगठन के जिलाध्यक्ष राम मनोहर यादव और बिजली मजदूर संगठन के जोन अध्यक्ष इरशाद अली ने कहा कि 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर खंड के सभी कर्मी हड़ताल करेंगे।