मवई। थाना क्षेत्र मवई के सैदपुर चौकी पुलिस और एसटीएफ की टीम ने शनिवार रात कामाख्या भवानी सुनबा जंगल के निकट अमेठी जिले की सीमा पर स्थित बैरियर पर कार सवार दो युवकों को 290 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 36 लाख रुपये बताई जा रही हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 80 हजार 520 रुपये भी बरामद किए हैं।
मवई पुलिस के मुताबिक शनिवार को एसटीएफ लखनऊ टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार पर सवार होकर ड्रग्स तस्कर कामाख्या भवानी मंदिर वाले रास्ते से अमेठी जिले में अयोध्या जनपद में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ के उपनिरीक्षक मनोज कुमार अपने हमराहियों और सैदपुर चौकी प्रभारी जय किशोर अवस्थी अपनी टीम के साथ अमेठी बार्डर के पास बनाए गए बैरियर पर नाकेबंदी कर दी।
इस दौरान रात करीब 11:30 बजे एक कार आती दिखाई दी जब उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसमें सवार आफताब निवासी मोहल्ला कटरा थाना कोतवाली नगर जनपद बाराबंकी के पास से 190 ग्राम स्मैक व दूसरे व्यक्ति नरसिंह मिश्र निवासी लोलपुर लमती थाना नबाबगंज जनपद गोंडा के पास से 100 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
दोनों आरोपियों के पास अमेठी जनपद में बिक्री किए गए स्मैक का 80 हजार 520 रुपए भी बरामद हुए। सैदपुर चौकी प्रभारी जयकिशोर अवस्थी ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36 लाख रुपये है। मवई थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों का चालान किया जा रहा है।