अयोध्या। परिषदीय स्कूलों के लिए 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती में 31,277 पदों पर भर्ती के बाद शेष 36,590 पदों को भरने के लिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होने पर जिले को 123 शिक्षक प्राप्त हुए हैं। बृहस्पतिवार से काउंसिलिंग के उपरांत शुक्रवार को विद्यालय आवंटन व नियुक्ति पत्र वितरण की तैयारी है।
31 मई को बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से 67,867 पदों पर नियुक्ति के लिए सूची जारी की गई थी। मामला कोर्ट में पहुंचने पर 31,277 पदों पर भर्ती कराई गई थी, जिसमें जिले में रिक्त करीब 880 पदों के सापेक्ष 740 शिक्षक आवंटित किए गए थे। इनमें से 682 को तैनाती दी गई है।
अब सुप्रीम कोर्ट ने शेष 36,590 पदों का भरने की अनुमति दी है, जिसमें जिले को 123 शिक्षक और प्राप्त हुए हैं। भर्ती प्रक्रिया की कवायद शुरू हुई है। आवंटित अभ्यर्थियों को बृहस्पतिवार को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है।
काउंसिलिंग में अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों को मूल आवेदन से मिलाकर शुक्रवार को नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष देव पांडेय ने बताया कि समस्त तैयारियां पूर्ण की गई हैं। काउंसिलिंग में अभ्यर्थी सभी शैक्षिक अभिलेखों की दो सेट में स्व प्रमाणित छायाप्रति, चार पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ एवं निर्धारित आवेदन शुल्क लेकर शामिल होंगे।