अयोध्या। परिवहन विभाग द्वारा 20 मई से 19 जून तक आयोजित सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता अभियान में परिषदीय व माध्यमिक विद्यालयों द्वारा भी सहयोग किया जाएगा।
इसके तहत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा परिषदीय विद्यालयों में 18 व 19 मई को दो दिवसीय व माध्यमिक विद्यालयों में 10 दिवसीय कार्य योजना तैयार की गई है।
इसके तहत इन विद्यालयों में प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, निबंध, पोस्टर, भाषण, क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता स्थानीय यातायात की समस्याओं व यातायात नियमों के प्रति आधारित होंगी।
माध्यमिक विद्यालयों में 18 मई को परिषदीय विद्यालयों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए हैंडबिल व पंपलेट को जनता को बाटा जाएगा।
साथ ही प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई जाएगी। इसके अलावा छात्रों के मध्य क्विज, निबंध, पोस्टर, भाषण व पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
इसी क्रम में 19 मई को स्कूल प्रबंध समिति की बैठक व अभिभावकों को आमंत्रित कर उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष देव पांडेय ने बताया कि सभी विद्यालयों को आवश्यक निर्देश दिए गए है, सभी तय कार्यक्रमों का समय पर आयोजन किया जाएगा।
माध्यमिक विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर 10 दिन की कार्य योजना बनाई गई है। इसके तहत मंगलवार को मास्टर ट्रेनर व प्रधानाचार्य द्वारा प्रत्येक माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।
19 मई को विद्यालयों में प्रभात फेरी व प्रार्थना सभा में सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी जाएगी। 20 मई को विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली, व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
21 मई को एनएसएस व स्काउट-गाइड द्वारा चौराहों पर सड़क सुरक्षा संबंधित हैंडबिल व पंफलेट वितरित किया जाएगा। 23 मई को ऑनलाइन माध्यम से छात्रों को व छात्रों द्वारा अपने अभिभावकों को यातायात नियमों का पालन करनें के लिए जागरूक किया जाएगा।
24 मई को पोस्टर प्रतियोगिता, 25 मई को एनसीसी, एनएसएस व स्काउट द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन, 26 मई को निबंध प्रतियोगिता, 27 मई को भाषण प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 28 मई को विद्यालयों की बिल्डिंग पर यातायात नियम व स्लोगन लिखे जाएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि इसको लेकर मंगलवार को ऑनलाइन बैठक कर सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सभी को कार्यक्रमों की फोटो व वीडियो क्लिप संबंधित व्हाट्स एप ग्रुप पर भी भेजने के निर्देश दिए गए हैं।