अयोध्या। जिले में आगामी पांच जनवरी को जिले की छह स्वास्थ्य इकाइयों पर कोरोना टीकाकरण का ड्राई रन किया जाएगा। शासन से दिशा-निर्देश प्राप्त होते ही जनपद स्तर पर भी तैयारियां शुरू की गई हैं। कोरोना वायरस से बचाव के लिए संभावित टीकाकरण को लेकर जिले में भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की डोज देने के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
अब शासन से प्राप्त हुए दिशा-निर्देश के अनुसार आगामी पांच जनवरी को वैक्सीनेशन का ड्राई रन करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए तीन शहरी व तीन ग्रामीण स्वास्थ्य इकाइयों को चयनित किया जाएगा, जहां प्रात: नौ बजे से वैक्सीन लगाने का रिहर्सल किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि शासन से पांच जनवरी को वैक्सीन के ड्राई रन करने संबंधी दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं, जिनका अनुपालन कराया जा रहा है।