अयोध्या। पूर्व में पॉजिटिव मिले मरीजों के चार संपर्की सहित 11 मरीज पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक मरीज मेडिकल कॉलेज में लगी ट्रूनेट मशीन से हुई जांच में पॉजिटिव मिला है। शेष सभी आरटी पीसीआर टेस्ट में पॉजिटिव आए हैं। इन मरीजों को लेकर अब जिले में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़कर 306 पहुंच गई है।
जिले में कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। सप्ताह भर पूर्व अमानीगंज के डूड़ी गांव में तमिलनाडु से लौटे युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके पत्नी, पुत्री व पुत्र की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा अहमदपुर बाराबंकी टोल प्लाजा पर कार्य करने वाला सोहावल के लखौरी निवासी 35 वर्षीय युवक, तारुन के नरायनपुर, गुलजार दूबे का पुरवा में दिल्ली से आए दो लोग, हैरिंग्टनगंज के अछौरा में उत्तराखंड से आया 57 वर्षीय व्यक्ति, बीकापुर के खजुरहट, नासिरपुर मूसी, शिवतर में क्रमश: गाजियाबाद, कर्नाटक व पश्चिम बंगाल से आए एक-एक लोग पॉजिटिव मिले हैं।
वहीं, साहबगंज निवासी 42 वर्षीय अधेड़ की रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज के ट्रूनेट मशीन से पॉजिटिव आई हैं। इन मरीजों को आइसोलेट कराते हुए संपर्कियों को क्वारंटीन कराने व कोरोना बचाव से संबंधित कार्य कराने की तैयारी की जा रही है।
पत्नी, पुत्री व पुत्र भी निकला पॉजिटिव
अमानीगंज। तमिलनाडु से सप्ताह भर पूर्व आए व्यक्ति के पॉजिटिव मिलने के बाद सरयू क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन पत्नी, पुत्र व पुत्री की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। एक ही गांव में 12 एक्टिव पॉजिटिव केस होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर अमानीगंज बाजार सहित समूचे गांव को सील कर दिया गया।
अमानीगंज बाजार में वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। मिल्कीपुर की तरफ सें आने वाले वाहनों को महात्मा गांधी चौराहा से नहर की पटरी की तरफ व रूदौली की तरफ से आने वाले वाहनों को नहर के पुल से नहर की पटरी पर डायवर्ट कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर एके शर्मा, क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर जयप्रकाश सिंह व थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर घर से न निकलने की सलाह दी और ग्रामीणों को कांवड़ यात्रा में भी न शामिल होने की हिदायत दी।
दिल्ली से आए दो लोग निकले पॉजिटिव
तारुन। शुक्रवार को क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में एक महिला सहित दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को आइसोलेशन के लिये भेज दिया है। सीएची तारुन के अधीक्षक डॉ वीपी त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्र की ग्राम सभा नारायनपुर में एक युवक (35) व ग्राम सभा फतेहपुर कमासिन के मजरे गुलजार दूबे का पूरा में एक युवती (25) कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दोनों लोग दिल्ली से आये थे। इनका सैंपल बुधवार को लिया गया था। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार मिश्र ने बताया कि पॉजिटिव मिले मरीजों के गांवों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है।
एक और टोलकर्मी आया पॉजिटिव
सोहावल। शुक्रवार को आयी स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में एक टोलकर्मी निवासी लखौरी पॉजिटिव पाया गया है। वरिष्ठ टोल मैनेजर रौनाही विनय वर्मा ने बताया अहमदपुर बाराबंकी टोल का कर्मचारी है। दो दिन पहले इसी टोल प्लाजा पर कार्य करने वाले एक और युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है, जिसका इलाज चल रहा है। यह मरीज, पहले के मरीज का संपर्की बताया गया है। तहसीलदार वीके सिंह ने बताया गांव सील किया जा रहा है। युवक को इलाज के कोविड केयर सेंटर भेजा जा रहा है।
तीन प्रवासी मिले पॉजिटिव
बीकापुर। विकास खंड क्षेत्र के तीन अलग-अलग गांव में परदेश से आए तीन युवकों की गुरुवार को कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित मरीज खजुरहट, शिवतर और नगर पंचायत बीकापुर के नासिरपुर मूसी के निवासी हैं। सभी लोगों का 30 मई को बीकापुर सीएचसी में सैंपल लेकर जांच के लिए नमूना भेजा गया था। सीएचसी के अधीक्षक अब्दुल खतीम अंसारी ने बताया कि खजुरहट ग्राम पंचायत में 42 वर्षीय युवक 13 जून को मैजिक वाहन से गाजियाबाद नोएडा से, शिवतर ग्राम पंचायत निवासी 50 वर्षीय अधेड़ कोलकाता पश्चिम बंगाल से 23 जून को ट्रेन से व नासिरपुर मूसी निवासी 19 वर्षीय युवक बंगलुरु कर्नाटक से ट्रेन द्वारा 27 जून को घर वापस आया था। सभी लोग होम क्वारंटीन किए गए थे।