इलाहाबाद हाईवे पर एक ट्रक ने रात के अंधेरे में नगर कोतवाली क्षेत्र के चीता दस्ते की बाइक को टक्कर मार दिया और भाग गया। दुर्घटना में दस्ते का सिपाही व होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के चीता नौ पर तैनात आरक्षी गुलाम मोहम्मद जिलानी तथा हमराही होमगार्ड लवकुश अपनी ड्यूटी पर थे।
दोनों गश्त के लिए शांति चौक से इलाहाबाद हाईवे पर निकले थे कि रात लगभग साढ़े 12 बजे सुलतानपुर की ओर जा रही एक ट्रक ने पीछे से चीता दस्ते के बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद चीता दस्ते का सिपाही और होमगार्ड मौके पर गिर पड़े और बाइक व सरकारी रायफल क्षतिग्रस्त हो गई। मौका देख ट्रक का चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना पर पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया तो डाक्टरों ने दोनों को लखनऊ मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। घटना दो दिन पूर्व की बताई जा रही है।
एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक की तलाश कराई जा रही है, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
प्रकरण में अज्ञात वाहन के खिलाफ दुर्घटना करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सिपाही मेडिकल कालेज से वापस लौट आया है। होमगार्ड जवान का इलाज चल रहा है।