अयोध्या। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को निष्पक्ष व नकलविहीन संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। इसके लिए जिले मेें 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है।
यह परीक्षा से दो घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचेंगे और अपनी निगरानी में परीक्षा संबंधित गोपनीय पैकेट को खुलवाएंगे। परीक्षा समाप्त होने के उपरांत उसे सील कराकर उस पर अपने हस्ताक्षर करेंगे।
सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने केंद्रों से यह गोपनीय पैकेट जनपद कोषागार से प्राप्त कर पुलिस बल के साथ परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाएंगेे, साथ ही परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र व्यवस्थापक के माध्यम से जनपद कोषागार में जमा कराएंगे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद 24 जनवरी को नायब तहसीलदार सोहावल शेखर शुक्ला व राजकीय बालिका हाईस्कूल बेनवा मया समस्त उत्तर पुस्तिकाओं को कार्यालय सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी उप्र. को पहुंचाएंगे।
जिले में रविवार 23 जनवरी को 50 केंद्रों पर दो पालियों में यह परीक्षा होगी। इसमें कुल 46 हजार 646 अभ्यार्थी भाग लेंगे। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चलने वाली परीक्षा में 27 हजार 205 अभ्यर्थी बैठेंगे।
द्वितीय पाली में दोपहर 2.30 से शाम पांच बजे तक चलने वाली परीक्षा में 19 हजार 441 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के सह नोडल अधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां कर ली गई है।
पूरी परीक्षा सीसीटीवी के निगरानी में होगी। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाएगा। बिना मास्क लगाए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए कुल नौ सचल दल बनाए गए हैं। पहले सचल दल का नेतृत्व एडीएम वित्त व राजस्व महेंद्र सिंह, दूसरे का उप संचालक चकबंदी ओपी गुप्ता, तीसरे का नेतृत्व डायट प्राचार्या संध्या श्रीवास्तव करेंगी।
चौथे का बीएसए संतोष देव पांडेय, पांचवें का जिला उद्यान अधिकारी भूषण प्रसाद, छठवें का एसडीएम रुदौली स्वप्निल यादव, सातवें का एसडीएम मिल्कीपुर दिग्विजय सिंह, आठवें का एसडीएम सोहावल अनुराग प्रसाद व नवें सचल दल का नेतृत्व एसडीएम बीकापुर संदीप श्रीवास्तव करेंगे।