सीएचसी में शनिवार रात तेज बुखार से पीड़ित बालक की मौत हो गई। डॉक्टर ने उसे मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित होने की आशंका जताते हुए जिला अस्पताल रेफर किया, मगर एंबुलेंस आने में देरी व समुचित इलाज के अभाव में रात में ही करीब ढाई बजे उसकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के बनकट निवासी राजू यादव (12) पुत्र राम कुमार यादव तेज बुखार से पीड़ित था। शनिवार रात तकरीबन दो बजे परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक सतीश चंद्रा ने बताया कि बुखार मस्तिष्क में चढ़ गया था।
हालत गंभीर होने पर बालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। एंबुलेंस को सूचना दी गई लेकिन एंबुलेंस तकरीबन आधे घंटे बाद अस्पताल पहुंची। तब तक बालक की मौत हो चुकी थी। इस दौरान परेशान परिवारीजन बच्चे को जिला अस्पताल ले जाने के लिए सड़क पर वाहनों को तलाशते रहे। बच्चे की मौत पर अस्पताल में कोहराम मच गया।