मिरन घाट में जलस्तर बढ़ने के बाद शुरू हो गई कटान।
- फोटो : अमर उजाला
सरयू के जलस्तर में उफान से तटवर्ती इलाकों में हलचल जारी है। कटान से खेती की भूमि तेजी कट रही है जबकि पूराब्लाक के चार गांवों में घरों तक कटान हो रही है। बीते 24 घंटे में नदी का जलस्तर 22 सेमी बढ़ने के बाद रविवार शाम को थम गया है।
लेकिन सोमवार को भी नदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी भी सरयू का जलस्तर लाल निशान से 70 सेमी नीचे है। शहर के नदी से सटे गुप्तार घाट, मीरनघाट व निर्मली कुंड में कटान बढ़ गई है।
पहाड़ों पर हो रही बारिश व नेपाल से आए पानी का असर सरयू नदी में व्यापक असर दिखाने लगा है। नदी में तेजी से बढ़ रहा जलस्तर रविवार को दोपहर एक बजे 92.025 मीटर पर पहुंच कर थम गया है, जबकि शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक थमी नदी में 91.800 मीटर से बढ़नी शुरू हुई।
24 घंटे में नदी में 22 सेमी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। केंद्रीय जल आयोग के रामतिलक ने बताया कि सरयू का जलस्तर रविवार को दोपहर एक बजे से 92.025 मीटर पर पहुंच कर स्थिर हो गया है। बताया कि हालांकि कतर्निया व बनबसा बैराज पर पानी बढ़ रहा है।
सोमवार को नदी का जलस्तर 92.200 मीटर तक पहुंचने की संभावना है। नदी शहर के कछारीय क्षेत्र गुप्तार घाट, मीरन घाट व निर्मली कुंड को छूकर बह रही हैं। तटीय क्षेत्र की भूमि में कटान तेज हो गई है।