सोहावल द्वितीय जिला पंचायत क्षेत्र के शेखपुर जाफर बूथ संख्या 146 पर सूबे के एक मंत्री पुत्र पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगा है। इसे लेकर दोपहर बाद मतदेय स्थल के सामने प्रत्याशियों व उनके एजेंटों ने घंटेभर तक धरना देकर नारेबाजी की।
इस दौरान मतदान भी ठप रहा। हालांकि मामले में प्रशासन ने बूथ कैप्चरिंग से इंकार किया है। अफसरों का कहना है कि लोग मंत्री पुत्र के बूथ में देर तक रुकने से नाराज थे, जबकि बाकी एजेंट नजर रख रहे थे।
समझाने के बाद मतदान कराया गया है। सोहावल द्वितीय में डीडीसी प्रत्याशी रश्मि जायसवाल के पति राकेश जायसवाल व जेठ सरोज जायसवाल के मुताबिक सूबे के कैबिनेट मंत्री अवधेश प्रसाद एक पुत्र अजीत ने शेखपुर जाफर बूथ में घुसकर कर्मचारियों से मिल बूथ कैप्चरिंग कर वोट डाले।
इसकी सूचना उन्होंने एसडीएम सोहावल और एसडीएम सदर को दी। बताया कि प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे तो यह लोग भाग निकले। आरोप लगाया कि इसके पूर्व पहली बेला में भी एक बूथ पर यह लोग इसीलिए पहुंचे थे।
इस घटना के खिलाफ क्षेत्र से कुछ अन्य प्रत्याशियों के समर्थकों ने धरना शुरू कर दिया। इस दौरान लगभग घंटे भर मतदान प्रभावित रहा।
मौके पर पहुंचे प्रशासन के अफसरों ने इसके खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर धरने को शांत कराया। एसडीएम सदर अमित सिंह ने बताया कि शेखपुर जाफर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई।
वह लोग वहां पहुंचे थे। एसडीएम सोहावल अवनीश राय का भी कहना था कि शेखपुर जाफर में जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ वह लोग वहीं थे। ऐसी कोई घटना नहीं हुई।