अयोध्या। थाना महाराजगंज क्षेत्र के पुलिस चौकी पूरा बाजार अंतर्गत ग्राम सरायरासी के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने असलहे के बल पर एक किसान से दो लाख रुपये लूट लिए।
बदमाशों से मुकाबला करते समय किसान जख्मी हो गया। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, एसपी ग्रामीण अतुुल सोनकर, सीओ सदर एसपी गौतम आदि ने घटनास्थल की जांच की।
थाना महाराजगंज के राजेपुर गांव निवासी किसान कांशीराम पुत्र बाबूराम ने बताया कि उसे दर्शननगर स्थित यूनियन बैंक में अपने किसान क्रेडिट खाते में दो लाख रुपये जमा करने थे।
इसलिए मंगलवार सुबह बैंक ऑफ बड़ौदा पूरा बाजार से पत्नी रेखा के साथ 1.70 लाख रुपये निकाले। उनके पास पहले से पास 30 हजार रुपये थे।
बताया कि वह पत्नी को बाइक पर बैठाकर चला, राजेपुर गांव के सामने पत्नी को उतार दिया। इसके बाद वह अकेले दर्शन नगर जा रहा था। सुबह के करीब 11:30 बजे सरायरासी गांव के पास बाइक सवार तीन युवक आए और बाइक में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया।
इसके बाद तीनों मेरे बाइक की चाबी छीन कर डिग्गी से रुपए निकालने लगे। बताया कि इस दौरान उसने बदमाशों से मुकाबला भी किया लेकिन एक बदमाश ने असलहा निकालकर उनके कनपटी पर लगा दिया।
उसके बाद डिग्गी में रखा दो लाख रुपये निकालकर पूरा बाजार की ओर भाग गए। बदमाशों से मुकाबला करते समय उसके कपड़े फट गये और चोटें भी आईं।
वारदात की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पूरा राम अवतार राम दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित कांशीराम को सीएचसी पूरा बाजार ले गए। सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ सदर व थाना प्रभारी महाराजगंज दिनेश कुमार सिंह ने पीड़ित से पूछताछ की।
पुलिस ने पूरा बाजार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में भी पूछताछ की। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की सहायता से जांच की जा रही है, शीघ्र ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।