पुलिस उपमहानिरीक्षक फैजाबाद परिक्षेत्र विजय कुमार गर्ग ने कहा कि अलविदा व ईद की नमाज को लेकर संबंधित विभागों से समंवय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कराई जाए। सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने के लिए छोटी-मोटी घटनाओं पर नजर रखी जाए तथा संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कराई जाए।
डीआईजी शुक्रवार को अपने कार्यालय में जिला पुलिस प्रमुखों के साथ बैठक कर कानून व व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। आगामी पर्व-त्यौहार के मद्देनजर उन्होंने कहा कि अधिकारी ईदगाह, मंदिर, मस्जिद व अन्य स्थलों का भ्रमण कर लें। नगरपालिका व संबंधित विभागों से समंवय स्थापित कर साफ-सफाई, मार्ग व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था आदि सुनिश्चित कर ली जाए।
साथ ही संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के नाम, पता व सम्पर्क नम्बर दर्ज कर लें। शांति व सदभावपूर्ण माहौल में त्यौहारों को संपन्न कराने के लिए शांति समितियों की बैठक आयोजित कराई जाएं तथा विभिन्न वर्गों के प्रभावशाली लोगों से निरंतर संपर्क बराकर रखा जाए।
अपराध की समीक्षा में सुल्तानपुर, अम्बेडकरनगर व फैजाबाद में हत्या व लूट की घटनाओं में बढ़ोत्तरी पाई गई। रेंज के सभी जिलों में भूमि विवाद को लेकर घटनाएं पाई गईं, जिनका कानून व्यवस्था पर प्रभाव पड़ा। जिला पुलिस प्रमुखों को कानून व्यवस्था के मद्देनजर समाधान व तहसील दिवस में प्राप्त भूमि विवादों का राजस्व विभाग के सहयोग से प्रभावी समाधान कराने का निर्देश दिया गया।
साथ ही हर हाल में वर्ष 2014 तक की लंबित विवेचनाओं का निस्तारण कराने की हिदायत दी गई। डीआईजी ने शांति-व्यवस्था के मद्देनजर अपराधिक प्रवृति व समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई के भी निर्देश दिए।इस अवसर पर फैजाबाद के एसएसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी बाराबंकी अब्दुल हमीद, अंबेडकरनगर पंकज कुमार, अमेठी हीरालाल व सुल्तानपुर सोनिया सिंह मौजूद रहीं।