अयोध्या। गोरखपुर में संपन्न राज्य स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में अयोध्या की बालक वर्ग टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। पदक प्राप्त कर अयोध्या लौटने पर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।
गोरखपुर में आयोजित राज्य हॉकी प्रतियोगिता के बालक 19 वर्ष वर्ग में अयोध्या टीम ने सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज आगरा, सहारनपुर, इलाहाबाद टीमों को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था।
फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज के हाथों सडन डेथ तक चले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। अयोध्या की टीम में राम नेवाज इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, एमजीएस इंटर कॉलेज सुल्तानपुर और बाराबंकी के खिलाड़ी शामिल थे।
बालक 14 वर्ष की प्रतियोगिता में अयोध्या ने मिर्जापुर, लखनऊ, मुरादाबाद व प्रयागराज को हराकर फाइनल में स्थान बनाया। स्पोर्ट्स कॉलेज और अयोध्या के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज से हार के बाद अयोध्या को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा।
राज्य प्रतियोगिता में अयोध्या मंडल के दूसरा स्थान प्राप्त करने पर संयुक्त शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक आरबी सिंह चौहान, विद्यालय क्रीड़ा समिति के सचिव धर्मेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव अभिषेक सिंह, प्रमेंद्र सिंह आदि ने बधाई दी है।