शुजागंज। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के रहीमगंज मजरे नकछेदपुर निवासी एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रुदौली कोतवाली की शुजागंज चौकी क्षेत्र के ग्राम सभा रहीमगंज मजरे नकछेदपुर निवासी जगराम रावत (38) ने छप्पर के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब ग्रामीणों ने उसे फांसी के फंदे पर लटकता देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सीओ रुदौली डॉ. धर्मेंद्र कुमार यादव ने बताया कि ग्राम सभा रहीमगंज मजरे नकछेदपुर निवासी जगराम रावत पुत्र जगजीवन रावत ने अपनी सारी संपत्ति पहले ही बेच डाली थी और वह मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता था। उसके माता पिता का पहले ही देहांत हो चुका है।
उसकी 15 साल पहले शादी हुई थी और पत्नी का भी देहांत हो गया था। उसके बाद उसने दूसरी शादी की थी लेकिन किसी कारण से वह पत्नी भी छूट गई थी। उसके कोई औलाद नही थी वह एक छप्पर में रहता था। उसने उसी छप्पर में लगी बल्ली में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।