अयोध्या। दीपोत्सव के अगले दिन शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करने के बाद कारसेवकपुरम पहुंचकर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टियों एवं रामनगरी के संतों के साथ राममंदिर की भव्यता व अयोध्या के विकास को लेकर चर्चा की तो राममंदिर निर्माण शुरू होने की खुशी भी संतों के साथ बांटी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राम की पैड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने राममंदिर आंदोलन के महानायक परमहंस रामचंद्र दास के समाधि पर भी पुष्पांजलि की। करीब 11 बजे वे हेलीकाप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
राममंदिर निर्माण शुरू होने के बाद पहले दीपोत्सव में शामिल होने पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव का कार्यक्रम संपन्न कराने के बाद राही यात्री निवास में रात्रि विश्राम किया। शनिवार की सुबह करीब 8.30 बजे सीएम योगी सबसे पहले हनुमंतलला के दरबार में पहुंचे। यहां पहुंचने निर्वाणी अनी अखाड़ा के महासचिव महंत गौरीशकर दास, पुजारी राजूदास आदि ने उनका स्वागत किया। सीएम ने गद्दीनशीन महंत प्रेमदास से आशीर्वाद लिया। करीब दस मिनट तक पूजन-अर्चन के बाद सीएम योगी कारसेवकपुरम पहुंचे।
कारसेवकपुरम में करीब एक घंटे तक सीएम ने श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों सहित रामनगरी के शीर्ष संतों के साथ चर्चा की। संतों ने बताया कि सीएम योगी भव्य राममंदिर निर्माण व अयोध्या के विकास को लेकर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने इसके लिए रामनगरी के संतों से भी सुझाव मांगा है। यहां संतों के साथ जलपान के बाद सीएम योगी राम की पैड़ी पहुंचे। सीएम ने राम की पैड़ी के विस्तार कार्य को देखा। राम की पैड़ी फेेस-2 के लिए घाटों के दोनों किनारों पर चैन लगाने का निर्देश दिया जिससे के बच्चे भी स्नान कर सकें और तेज धारा के कारण कोई क्षति न हो।
निरीक्षण के बाद उन्होंने यात्री निवास में पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुज कुमार झा सहित अन्य अधिकारियों के साथ अयोध्या में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। सभी कार्यों को त्वरित गति से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। यदि कार्यों में कोई परिवर्तन करने की जरूरत हो तो स्थानीय स्तर पर समिति बनाकर कार्य को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। गोरखपुर रवाना होने से पूर्व सीएम ने राममंदिर आंदोलन के महानायक रामचंद्र दास परमहंस की समाधिस्थल पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
अयोध्या के जीवन का हिस्सा बन गया है दीपोत्सव : चंपत
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि अयोध्या की जनता को एक नया त्योहार मिल गया है । दीपोत्सव रामनगरी के जीवन का हिस्सा बन गया है। 14 वर्ष बाद प्रभु राम अयोध्या लौटे तो जो प्रसन्नता मनाई गई उसी का प्रतिफल दीपोत्सव है। आज समाज की जो प्रसन्नता है उसका श्रेय सीएम योगी को काफी हद तक जाता है। पांच सौ वर्षो का सतत प्रयास सफल हुआ है और प्रसन्नतापूर्वक भगवान अपने घर लौटे हें। सदियों बाद रामजन्मभूमि में दीवाली मनाई जा रही है इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।
दीपोत्सव से अयोध्या के विकास को मिला नया मुकाम
सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद संतों ने कहा कि दीपोत्सव ने अयोध्या की धार्मिक महत्ता में वृद्घि तो की ही है साथ ही साथ रामनगरी के विकास को नया आयाम भी मिला है। महंत नृत्यगोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने कहा कि दीपोत्सव ने अयोध्या को ग्लोबल पहचान दी है। राममंदिर भी भव्यता की मिसाल होगा। दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास ने कहा कि दीपोत्सव से पयर्टन को बढ़ावा मिला है, दीपोत्सव ने अयोध्या की अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है इसका सारा श्रेय सीएम योगी को जाता है। महंत देवेंद्रप्रसादाचार्य, महंत कन्हैया दास रामायणी, महंत रामदास, अधिकारी राजकुमार दास, महंत गौरीशंकर दास सहित अन्य संतों ने भी दीपोत्सव के आयोजन की भव्यता की सराहना की।
अपर मुख्य सचिव ने किया रामजन्मभूमि थाने का निरीक्षण
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने रामजन्मभूमि थाना व कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने एवं कंट्रोल रूम को नए भवन में शिफ्ट करने क लिए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम अनुज कुमार झा, डीआईजी/एसएसपी दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।