मसौधा। प्रयागराज हाईवे पर स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल के रिटायर्ड तीन अभियंताओं के खिलाफ रविवार को एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह केस परियोजना प्रबंधक ने दर्ज कराया है। इन पर स्टेडियम निर्माण में सामानों की खरीद फरोख्त में करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये गबन करने का आरोप है। इनके द्वारा करोड़ों की निर्माण सामग्री की खरीद-फरोख्त की गई थी।
परियोजना प्रबंधक डीके श्रीवास्तव ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि बीते सालों में स्टेडियम के निर्माणाधीन से जुड़े अभियंता एके शुक्ला, आरके श्रीवास्तव व एसपी पांडेय ने अपने कार्यकाल के दौरान निर्माण से संबंधित सामानों की खरीद-फरोख्त की आड़ में 5.50 करोड़ रुपये का गबन कर दिया, जिसमें क्रीड़ा संस्थान को करोड़ों की चपत लगी।
इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए परियोजना प्रबंधक ने इन तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 409, 420 के तहत पूरा कलंदर थाने में मामला दर्ज कराया है। मामले में पूरा कलंदर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय डॉ. भीमराव क्रीड़ा संकुल के परियोजना प्रबंधक डीके श्रीवास्तव की तहरीर पर स्टेडियम के निर्माण से जुड़े मौजूदा समय में रिटायर्ड अभियंता एके शुक्ला, आरके श्रीवास्तव व एसपी पांडेय के विरुद्ध 5.50 करोड़ रुपये के सामानों की खरीद फरोख्त मे गमन करने का मामला दर्ज कराया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।