बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के खजुरहट पत्थरकट तिराहे के पास प्रयागराज से अयोध्या की तरफ जा रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जनपद गोंडा के निवासी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें एक युवक की जिला अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दूसरा लखनऊ रेफर किया गया है।
हादसा शुक्रवार दोपहर बाद करीब दो बजे का है। बाइक से टकराने के बाद कार सड़क के किनारे गड्ढे में घुस गई। कोतवाली पुलिस दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी ले गई। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक दीपक सिंह ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
यहां नवाबगंज गोंडा निवासी दिनेश की मौत हो गई, जबकि तुलसीपुर, गोंडा परमात्मा को गंभीर हाल में लखनऊ रेफर किया गया है। कोतवाल इंद्रेश यादव ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार और उसके चालक को पकड़ लिया है।