बेसिक शिक्षा परिषद की जनपदीय बाल क्रीड़ा समारोह में अमानीगंज ब्लॉक विभिन्न स्पर्धाओं में सर्वाधिक 76 अंक पाकर ओवर ऑल चैंपियन रहा। दूसरे स्थान पर बीकापुर को 51 अंक मिला, जबकि तीसरे स्थान पर मसौधा को 43 अंक मिला।
अंतिम स्थान पर तारुन रहा, जिसका खाता ही नहीं खुला। बतौर मुख्य अतिथि एसपी सिटी कुलदीप नारायण ने विजेताओं को शील्ड व ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया।
जिले के 11 ब्लॉक व एक नगर क्षेत्र की जनपदीय बाल क्रीड़ा समारोह के आखिरी दिन मंगलवार को हुई विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाओं ने लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में कुल 1200 बच्चों ने भाग लिया।
प्रावि बालक वर्ग में विकास खंड अमानीगंज के अमरजीत, विकास खंड मया के प्रावि. बालिका वर्ग में यासनी, बालक वर्ग पूमा. नगर क्षेत्र से राहुल और बालिका में नगर क्षेत्र की खुशबू को व्यक्तिगत चैंपियन की ट्रॉफी प्रदान की गई।
टीम चैम्पियनशिप में प्राथमिक विद्यालय बालक वर्ग में अमानीगंज, बालिका वर्ग में पूरा, पूमा. विद्यालय बालक वर्ग में मसौधा, बालिका वर्ग में बीकापुर की टीम को शील्ड प्रदान की गई।
ओवर ऑल चैम्पियनशिप की शील्ड अमानीगंज विकास खंड को प्रदान की गई। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी हरिराम विश्वकर्मा, एएच खां, अंजनी सिंह, अरुण कुमार, सियाराम वर्मा, हेमलता, उदयभान, रामतीर्थ, कमला प्रसाद, रामशंकर, सरताज अहमद, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सत्येंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।