अयोध्या। दीपावली के त्योहार के बाद ड्यूटी पर पहुंचने के लिए यात्रियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। अयोध्या व अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को यात्रियों की भारी भीड़ जमा रही।
बस स्टेशन पर सुबह बसों पर सवार होने की मारामारी रही, शाम तक स्थिति कुछ सामान्य हुई। शहर के गोरखपुर-लखनऊ राजमार्ग पर जगह-जगह लोग बसों की तलाश में घंटों खड़े रहे। डग्गामार वाहनों से इसका खूब फायदा उठाया और मनमाना किराया वसूला।
दीपावली, भैया दूज के बाद लोग अपने गंतव्य को वापस जाने लगे हैं, तो महापर्व छठ पूजा को लेकर देश भर से लोग अपने घरों को लौट रहे हैं। इसका असर रेल व सड़क यातायात पर दिख रहा है।
गुरुवार को अयोध्या व अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। यहां रुकने वाली तकरीबन सभी 22 ट्रेनें पहले से खचाखच भरी हुई थीं।
इसकी वजह से यहां इंतजार कर रहे यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। यहां के सभी प्लेटफार्म से लेकर बाहर परिसर तक यात्रियों का जमावड़ा रहा।
ट्रेनों में दो माह पहले से ही नो रूम की स्थिति रही है, इसके चलते जिन यात्रियों ने पहले से वापसी का रिजर्वेशन नहीं कराया है, उन्हें भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
गुरुवार सुबह तत्काल टिकट के लिए मारामारी रही, लेकिन अधिकांश लोगों को मायूस लौटना पड़ा, इनमें दिल्ली, गुजरात, पंजाब-हरियाणा जाने वाले ज्यादातर यात्री शामिल रहे।
अयोध्या कैंट स्टेशन से दिल्ली जाने के लिए ट्रेन के इंतजार में सपरिवार बैठे बस्ती के विक्रमजोत निवासी जय प्रकाश पांडेय, सोहावल के धर्मजीत, सुजीत उपाध्याय, धर्मेंद्र शर्मा आदि ने बताया कि आने का टिकट तो किसी तरह मिल गया लेकिन वापसी का टिकट नहीं हो पाया था।
सामान्य कोच में यात्रा के लिए टिकट लिया है लेकिन सुबह से दो ट्रेनें गुजर गईं, ट्रेन में चढ़ने को नहीं मिला। अयोध्या रेलवे स्टेशन के अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि त्योहार को लेकर मारामारी है। इस रूट से दो मेला स्पेशल चलाई गई हैं।
वहीं, अयोध्या बस स्टेशन पर भी यात्रियों की भीड़ रही। एआरएम महेश कुमार ने बताया कि सभी 125 बसों को चलाया जा रहा है, कुछ के फेरे भी बढ़ाए गए हैं।
दीपावली की छुट्टियों में घर वापस आए लोगों को अब ड्यूटी पर लौटना शुरू हो गया है। जिन लोगों ने वापसी का टिकट कराया था, वह तो ट्रेनों से किसी तरह वापस जाने में कामयाब रहे। लेकिन जिन्हें टिकट नहीं मिला व बस व अन्य साधन ढूंढते नजर आए।
गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर अयोध्या साकेत पेट्रोल पंप, देवकाली बाईपास, नाका, सहादतगंज बाईपास पर भारी संख्या में यात्री सरकारी व निजी वाहनों के इंतजार में घंटों खड़े रहे। इसका फायदा डग्गामार वाहनों ने उठाया।
इस रूट पर बिहार से गुजरात, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब-हरियाणा समेत अन्य स्थानों के लिए निजी बसें चलती हैं। इन बसों ने क्षमता से दोगुने अधिक सवारी बैठाई व मनमाना किराया भी वसूला।