हाईवे पर टकराए वाहन व लगा लंबा जाम।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। कोहरे के कारण लखनऊ-गोरखपुर हाईवे पर सात वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे में एक ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना की वजह से लखनऊ-गोरखपुर हाइवे की एक लेन करीब चार घंटे तक जाम रही। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका।
मंगलवार की सुबह 6 बजे अयोध्या कोतवाली के लखनऊ-गोरखपुर हाईवे स्थित अयोध्या बाईपास पर कोहरे के चलते ट्रक व बस समेत सात गाड़ियां आपस में टकराईं। कोहरा घना होने से दृश्यता बेहद कम थी जिसके चलते यह हादसा हुआ। लखनऊ से गोरखपुर की ओर जा रहे वाहन आपस में टकराए।
सबसे पहले आगे जा रही बस को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। इसी बीच एक बस और आकर पीछे से टकरा गई। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई थी जिसके चलते चार और ट्रक एक दूसरे से टकरा गए।
इस घटना में एक ट्रक चालक घायल होकर बुरी तरह फंस गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उसे किसी तरह बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
टक्कर के चलते हाईवे की एक लेन पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर सीओ अयोध्या अमर सिंह, कोतवाली प्रभारी सुरेश पांडेय चौकी प्रभारी रानोपाली अवनीश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और क्रेन मंगाकर करीब चार घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका।
रानोपाली चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना मे तीन लोग घायल हुए थे जिनमें से ट्रक चालक युनूस निवासी रामपुर की हालत गंभीर है जिसका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। बाकी दोनों घायलों को मामूली चोटें आईं थीं।