अयोध्या। विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान चलाएगा। इसके तहत छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जाएगा।
विद्यालयों की 100 मीटर की परिधि से तंबाकू, गुटखा, सिगरेट व शराब की दुकानें हटाई जाएंगी। प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वह छात्रों को नशे की सामान बेचने वालों के खिलाफ केस दर्ज कराएं।
इसका क्रियान्वयन सभी सरकारी व निजी विद्यालयों को करना होगा। अभियान के तहत सभी स्कूलों में चिल्ड्रेन प्रहरी क्लब बनाया जाएगा। जिसमें कक्षा-6 से 12 तक के 20 से 25 छात्र शामिल होंगे।
यह विद्यालय के अन्य बच्चों व अपने अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभाव को बताते हुए जागरूक करेंगे। इस अभियान में नौ विभाग अपना योगदान देंगे।
समग्र शिक्षा विभाग की ओर से नशे के विरुद्ध अभियान शुरू किया गया है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने अभियान के संबंध में आदेश जारी कर सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को अपने जिलों में सरकारी व निजी स्कूलों में इसको प्राथमिकता के साथ चलाने को कहा है।
इसके लिए समग्र शिक्षा और राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने संयुक्त कार्य योजना तैयार की है। इस अभियान के तहत बच्चों को नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक व शिक्षकों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वह बच्चों को नशे का सेवन न करने के प्रति जागरूक कर सकें। इस अभियान में पुलिस, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला औषधि निरीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अपना-अपना सहयोग देंगे।
यह समय-समय पर स्कूलों में सेमिनार आयोजित कर नशे के दुष्प्रभाव को बताते हुए इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक अयोध्या मंडल अरविंद पांडेय ने बताया कि मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र जारी कर इस अभियान का शत प्रतिशत अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस व प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यालयों की 100 मीटर की परिधि से पान, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, शराब आदि दुकानें हटवाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि अगर कोई दुकानदार छात्रों को नशे की सामग्री बेचता पाया जाए तो वह उसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम की धारा-77 व 78 के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराएं।