फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विद्युत कटौती मुक्त होगा परिक्रमा मार्ग

Mon, 20 Oct 2014 05:30 AM IST
Faizabad
विज्ञापन
विज्ञापन
फैजाबाद। अयोध्या के परिक्रमा व कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारी को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी अनिल ढींगरा व एसएसपी केबी सिंह ने अफसरों के साथ बैठक की। अब तक की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा व सुरक्षा प्रदान की जाएगी। कमियों को समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। इसके पूर्व जिलाधिकारी व एसएसपी ने परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर खामियों को देखा। डीएम ने बताया कि परिक्रमा मार्ग के आसपास ग्रामीण क्षेत्र में भी 25 अक्तूबर से आठ नवंबर तक विद्युत कटौती नहीं होगी।
विज्ञापन

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने गांव के सफाई कर्मियों से परिक्रमा मार्ग की सफाई कराने के लिए कहा। स्वास्थ्य विभाग के सफाई कर्मचारियों को भी इसमें लगाए जाने के लिए निर्देश दिया। कहा, कि नगर पालिका फैजाबाद व अयोध्या के सफाई कर्मी विशेष अभियान चलाकर सफाई करेंगे। राम की पैड़ी पर विशेष ध्यान दिया गया। परिक्रमा मार्ग के गड्ढों को तुरंत भरा जाए और इसके आसपास कूड़े-करकट को हटाकर सड़क को साफ किया जाए। लोकनिर्माण विभाग को मार्ग पर बालू डलवाने के लिए भी कहा। इसके साथ ही परिक्रमा मार्ग के आसपास रहने वाले लोगों को 31 अक्तूबर से सात नवंबर तक बांध कर रखने की नोटिस तामील कराए जाने का निर्देश दिया। अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने अब तक की तैयारियों के बारे में विभागों से जानकारी ली। कहा कि मोबाइल सुलभ शौचालय के साथ अन्य व्यवस्थाएं की जाएं। एसएसपी केबी सिंह ने बताया कि परिक्रमा मार्ग के सहादतगंज, हनुमानगढ़ी, गुप्तारघाट, अफीम कोठी, नयाघाट, राम की पैड़ी, जनौरा में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट व पुलिस अफसर लगाए जाएंगे। सुरक्षा व सुविधा के लिए व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है। अफसरों ने विभागों से शीघ्र तैयारियों को पूरा कराने के लिए कहा है। बैठक में प्राधिकरण के सचिव आलोक कुमार, सीएमओ, एसपी सिटी आरएस गौतम, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बृजपाल सिंह सहित विभागों के अफसर मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें