फैजाबाद। फैजाबाद से प्रतिदिन कानपुर तक चक्कर लगाने वाली इंटरसिटी ट्रेन को धनतेरस (21 अक्तूबर) से चलाने को रेलवे ने हरी झंडी दे दी है। सुबह पांच बजे के करीब फैजाबाद से कानपुर के अनवरगंज के लिए सांसद लल्लू सिंह इसे झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वाशिंग लाइन का निर्माण न होने से बीते एक सितंबर से इसके संचालन को लेकर धुंध कायम थी। निर्णय के अनुसार 20 अक्तूबर की दोपहर तक इंटर सिटी के कोच फैजाबाद पहुंच जाएंगे। अनुमति तो दस कोचों की है, लेकिन वाशिंग लाइन फिट होने तक इसे आठ कोच लगाकर चलाए जाने की उम्मीदें हैं।
सूत्रों के अनुसार फैजाबाद से 14221 अप फैजाबाद-कानपुर इंटरसिटी सुबह 05:02 बजे कानपुर को रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 10:30 बजे कानपुर के अनवरगंज पहुंचेगी। दिन में 13:00 बजे ट्रेन 14222 डाउन बनकर उन्नाव-लखनऊ-बाराबंकी होते हुए सायं 16:30 फैजाबाद आएगी। उधर वाशिंग लाइन के अधूरे कार्य को 20 से पहले पूरा करके रेलवे को सौंप देने को अंतिम रूप दिया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक जीपी सिंह ने संचालन तिथि आ जाने की बात स्वीकारते हुए कहा कि उद्घाटन समारोह में डीआरएम जगदीप राय नहीं आ रहे हैं। ट्रेन को सांसद लल्लू सिंह झंडी दिखाएंगे। कहा, ट्रेन के संचालन का समय अभी पुराना ही रखा गया है। समय बदलने के सांसद के अनुरोध पर अगले कुछ दिनों में निर्णय होने के उम्मीदें हैं। नागरिकों व रेलवे कर्मियों का कहना है कि फैजाबाद दिल्ली की तरह इंटरसिटी के लिए पुरानी कोच न देकर नई कोचें दी जाएं।