फैजाबाद। वाणिज्य कर सचल दल ने नियमित चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने फिर कोयले के तीन व चावल के एक मामले में गलत प्रपत्र मिलने पर कार्रवाई कर करीब साढ़े चार लाख रुपये जुर्माना जमा कराया है।
मोबाइल टीम प्रभारी असिस्टेंट कमिश्नर आशीष कुमार पांडेय व वाणिज्य कर अधिकारी अरुण कुमार यादव बीते शनिवार को गोरखपुर-फैजाबाद राजमार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच सरयू पुल के पास एक चावल लदी ट्रक को रोका और कागजातों की जांच हुई, तो प्रपत्रों में तमाम खामियां मिलीं। बिल पर चावल के बजाय राइस ब्रान (पॉलिश) लिखा था और इस पर विक्रेता के हस्ताक्षर नहीं थे। चावल महराजगंज जिले से मुंबई ले जाया जा रहा था। इस पर टीम ने कार्रवाई कर व्यापारी को 40 फीसदी जुर्माना जमा कराने का नोटिस दिया। व्यापारी ने दो लाख 26 हजार रुपये जुर्माना जमा कर दिया। ट्रक पर लदा माल लगभग साढ़े पांच लाख रुपये का था। इसी तरह गलत कागजातों के सहारे जा रही कोयला भरी तीन ट्रकों के मामले में जुर्माना वसूला गया। ये कोयला गाजीपुर, गोंडा व बहराइच ले जाया जा रहा था। इसमें टीम ने करीब दो लाख दस हजार रुपये जुर्माना जमा कराया है।