बीकापुर (फैजाबाद)। जब पुलिस लुटेरों को पकड़ नहीं सकी, तो पीड़ित ने स्वयं लुटेरों को खोजने का बीड़ा उठाया और सोमवार सुबह खजुरहट चौराहे पर सरेआम तीन लुटेरों को दबोच लिया लेकिन दो लुटेरे कट्टा दिखा कर फरार हो गए। एक लुटेरा पीड़ित के हत्थे चढ़ गया। पकड़ा गया लुटेरा अंतर जनपदीय बताया जाता है, पुलिस पूछताछ कर रही है।
हैदरगंज थाना के पाली पूरब निवासी हनुमान सिंह अपनी पत्नी बच्चों के साथ एक सितंबर को गोशाईगंज से घर आ रहे थे तो रास्ते में गोशाईगंज के पास ही मड़हा पुल पर काली डिस्कवर बाइक सवार तीन लुटेरों ने बाइक रोक कर कट्टे की नोक पर उनसे सोने की चेन, अंगूठी सहित 15 हजार रुपये लूट लिया था, उस समय चुपचाप परिवार के डर से घर वापस आ गए, लेकिन अचानक लुटेरे 3 सितंबर को चौरे के पास दिखे तो हनुमान ने चौरे आईसी को सूचना देकर पीछा किया लेकिन लुटेरे भाग गए। सोमवार सुबह पुन: लुटेरे दिखे तो हिम्मत दिखाते हुए हनुमान ने बदमाशों को दबोचना चाहा, तो दो बदमाश बाइक लेकर कट्टे की नोक पर फरार हो गए लेकिन एक बदमाश राधेश्याम पुत्र सालिक राम निवासी मलेथुवा, नबाबगंज गोंडा हत्थे चढ़ गया। हनुमान ने बताया किभागने वाले उसके साथी गोंडा के इंदल यादव व गुड्डू तिवारी हैं।