कुमारगंज (फैजाबाद)। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज के मुख्य परिसर में नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय अतिथि गृह का लोकार्पण रविवार को उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ के न्यायमूर्ति श्रीनारायण शुक्ल ने किया। उन्होंने वैज्ञानिकों से किसानों तक कृषि तकनीक पहुंचाने का आह्वान किया। लोकार्पित गेस्ट हाउस का निर्माण सात करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से हुआ है।
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद पशुविज्ञान एवं पशु चिकित्सा महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में श्री शुक्ल ने कृषि विश्वविद्यालय को किसानों व कृषि के विकास के लिए बेहद उपयोगी व अपरिहार्य बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण नौजवानों व बेरोजगार युवक के लिए यह विवि और वैज्ञानिक महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। स्वागत समारोह को भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य शीतला सिंह, डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पीके सिन्हा, उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. मानिक चंद्र सिन्हा ने भी संबोधित किया। विवि के कुलपति डा. आरएस कुरील ने विवि की गतिविधियों पर विस्तार से बताया। इससे पूर्व स्वागत समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। एसएसवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी, डॉ. ओपी मिश्रा, डॉ. रमेश कुमार मिश्र, मंगलम महिला महाविद्यालय के प्रबंधक भोलानाथ त्रिपाठी, डॉ. आरके दोहरे, इं. ओमप्रकाश, सहायक अभियंता श्यामसुंदर सिंह, निदेशक प्रसार डॉ. एसपी सिंह, सहित विवि के शिक्षक, किसान, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विवि के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत व कुलगीत भी प्रस्तुत किया।