अवध विवि में इग्नू के पाठ्यक्रमों को मिलेगी संजीवनी
फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में संचालित इग्नू के पाठ्यक्रमों को अब और बेहतर ढंग से संचालित करने की कवायद शुरू की गई है। कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित का कहना है कि, इग्नू के बदहाल अध्ययन केंद्रों को संचालित कराया जाएगा।
इसके साथ ही विवि इग्नू के पाठ्यक्रमों के बेहतर संचालन के लिए हर संभव मदद देने को तत्पर है। वहीं, इग्नू रीजनल डायरेक्टर डॉ. अमित श्रीवास्तव ने कहा कि, अल्प खर्च में सुदूर तक शिक्षा पहुंचाना ही विश्वविद्यालय का लक्ष्य है।
इग्नू यहां पहले से संचालित सभी 15 पाठ्यक्रमों को संजीवनी देने में जुटा है। कुलपति व इग्नू के इग्नू रीजनल डायरेक्टर गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इग्नू के रीजनल डायरेक्टर श्रीवास्तव ने कहा कि, पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन प्रवेश चल रहा है, इसकी अंतिम तिथि 15 जुलाई है।
इस सत्र में असफल होने पर जनवरी सत्र में प्रवेश ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट सर्च की जा सकती है। कई पाठ्यक्रम ऐसे हैं जिनसे हाईस्कूल व इंटर नहीं पास कर पाने वाले भी स्नातक हो सकते हैं।
वहीं, इग्नू के डिप्टी डायरेक्टर प्रो. अनिल मिश्र ने कहा कि, अभी यहां पर 15 पाठ्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। अन्य पाठ्यक्रम छात्रों की डिमांड पर संचालित कराए जाएंगे।
प्रवेश के लिए समयसीमा बढ़ाने की मांग
विवि में इग्नू के छात्र सत्यम तिवारी व आशुतोष पाठक ने संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए समयसीमा और बढ़ाने की मांग की है। कहा कि, प्रवेश की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित है। ऐसे में अभिलेखों को तलाशने व पूरा करने में ही समय बीत जाएगा। फिर नए सत्र में प्रवेश के लिए छह माह इंतजार करना होगा।