अयोध्या। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज कुमार झा ने शनिवार को अब्बूसराय बूथ पर मतदाताओं को ईवीएम व वीवीपैट से मतदान की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से छह मई को शत-प्रतिशत मतदान की अपील की।
डीएम बूथ संख्या-229 उत्तरी, मतदेय स्थल प्राथमिक विद्यालय अब्बूसराय देहात पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि मतदाता मतदान के लिए नीला बटन दबाने के तुरंत बाद वीवी पैट की स्क्रीन पर जिस प्रत्याशी को मतदान किया है, उस प्रत्याशी का सीरियल नंबर, प्रत्याशी का नाम व चुनाव चिन्ह देख सकते हैं।
मतदाता यह भी ध्यान दें कि उन्होंने जिस प्रत्याशी को वोट दिया, उस प्रत्याशी का सीरियल नंबर, प्रत्याशी का नाम व चुनाव चिन्ह सिर्फ सात सेकेंड तक ही वीवी पैट की स्क्रीन पर दिखाई देगा।
डीएम ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें, ईवीएम पूरी तरह से सुरक्षित मशीन है। मतदान के दिन सभी प्रत्याशियों के बूथ एजेंटों के सामने मॉक पल कराकर पुन: चेक करके दिखाया जाता है कि यह सही काम कर रही है। उसके बाद ही वोटिंग का कार्य प्रारंभ किया जाता है।
उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के बारे में जानकारी भी ली। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/सीआरओ पुरुषोत्तम दास गुप्ता, एसडीएम सदर अर्पित गुप्ता आदि मौजूद रहे।