बीकापुर (अयोध्या)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य टीम ने सोनवर्षा माफी गांव के रहने वाले बनराजा परिवार की पांच माह की बच्ची प्रेमा के कटे होंठ की प्लास्टिक सर्जरी कराई है। इससे मासूम के चेहरे पर स्माइल से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
आरबीएसके स्वास्थ्य टीमें इन दिनों ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भ्रमण करके गंभीर बीमारियों से पीड़ित और अति कुपोषित गरीब परिवार के बच्चों को चिह्नित करके उनका निशुल्क उपचार कराकर नई जिंदगी प्रदान कर रही हैं। सोनबरसा माफी गांव निवासी अजय बनराजा की पांच माह की बच्ची प्रेमा का होठ जन्म से ही कटा था।
प्रेमा अपने माता-पिता की पहली संतान है। जानकारी होने पर बीकापुर आरबीएसके टीम के डॉ. शादाब, डॉ. गौरव शुक्ल, डॉ. प्रतीक्षा वर्मा, पुष्पा पांडेय, जितेंद्र वर्मा, स्वास्थ्य टीम के साथ पीड़ित के घर पहुंचे। पीड़ित बच्ची को सिटी हॉस्पिटल लखनऊ ले जाकर निशुल्क ऑपरेशन और प्लास्टिक सर्जरी कराई गई। अब प्रेमा की मां मंजीता, नाना नंदलाल, पिता अजय और परिवार के लोग खुश हैं।
कहते हैं कि जन्म से ही प्रेमा का होठ कटा होने के कारण उन्होंने इसके ठीक होने की उम्मीद छोड़ दी थी। स्वास्थ्य टीम के प्रभारी डॉ. शादाब ने बताया कि प्रेमा के परिवारजनों को भोजन और किराया भी दिया गया।
बताया कि गांव में गंभीर बीमारियों से पीड़ित और अति कुपोषित बच्चों को चिह्नित करके टीम द्वारा निशुल्क उपचार कराया जाता है। ग्राम प्रधान संदीप सिंह ने बच्ची का उपचार कराने के लिए आरबीएसके टीम की सराहना की है।