जमीनों के परीक्षण को पांच सदस्यीय कमेटी का गठन
फैजाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी की शुक्रवार को हुई बैठक में कूड़े की डंपिंग, कान्हा गौशाला, कार्यालय भवन, कांजी हाउस आदि की जमीन का परीक्षण करने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया।
इसके साथ ही दो शव वाहन की व्यवस्था का भी प्रस्ताव किया गया है। बैठक में शहर के विभिन्न विकास कार्यों के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई।
महापौर ऋषिकेश उपाध्याय की अध्यक्षता में निगम कार्यालय में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में पार्षद अनिल सिंह, बृजेंद्र सिंह, राम भवन यादव, हाजी असद सहित एक अन्य को शामिल करते हुए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।
यह कमेटी शहर में निकलने वाले कूंड़े के डपिंग स्थल, कान्हा उपवन(गौशाला), कांजी हाउस और निगम कार्यालय भवन के जमीन का परीक्षण करेगी। कमेटी के प्रस्ताव के बाद इस पर आगे का कार्रवाई की जाएगी।
निगम की ओर से दो शव वाहन खरीदे जाने का भी प्रस्ताव किया गया है। यह शव वाहन, शव को श्मशान तक ले जाने के लिए प्रयोग की जाएगी। फिलहाल अभी इसे लोगों को निशुल्क उपलब्ध कराए जाने का विचार है।
शहर के व्यस्त इलाकों में मौजूद टायलेट को एसी टायलेट के रूप में परिवर्तित करने का प्रस्ताव किया गया। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारी को लेकर चर्चा की गई।
साफ-सफाई के साथ ही बेहतर व्यवस्था और सभी को इसमें सहयोग के लिए कहा गया। शहर में टैक्स को लेकर किए जा रहे असेसमेंट पर कार्यकारिणी के सदस्यों हाजी असद, राम भवन आदि ने इसमें गड़बड़ी किए जाने की शिकायत की चर्चा की तो मेयर ने असेसमेंट को पारदर्शी ढंग से कराए जाने का निर्देश दिया।
विपक्षी सदस्यों ने प्राइवेट कंपनी से की जा रही विद्युत व्यवस्था का भी मुद्दा उठाया। कहा कि लाइंटिंग व्यवस्था की खामियां दूर नहीं हो पा रही हैं। कार्य नहीं हो रहे हैं। निगम बनने के बाद विकास कार्य सतह पर नहीं दिख रहे हैं।
केवल आश्वासन मिल रहा है। अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक में कमेटी के गठन के साथ कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई है।
बैठक में कार्यकारिणी के सदस्य आलोक मिश्र, रमेश दास, चमेला देवी, राजेश गौड़, अशोका द्विवेदी, अजय पांडेय, नगर आयुक्त आरएस गुप्त, सहित विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद थे।