शिवसैनिकों ने लिया राममंदिर निर्माण का संकल्प
सरयू तट पर 500 पार्थिव शिवलिंग का किया पूजन
अमर उजाला ब्यूरो
अयोध्या। शिवसेना के 51वें स्थापना दिवस पर सोमवार को रामनगरी पहुंचे शिवसैनिकों ने सरयू तट पर पार्थिव शिवलिंग का विधिवत पूजन अर्चन कर राममंदिर निर्माण का संकल्प लिया। करीब दो सौ की संख्या में विभिन्न जिलों से पहुंचे शिवसैनिकों ने सोमवार की दोपहर 12 बजे सरयू तट पर पांच सौ पार्थिव शिवलिंग का पूजन किया और मां सरयू के प्रति अपनी श्रद्धा निवेदित की। बाद में रामलला के लिए तिरपाल भी भेंट किया।
शिवसेना के राज्य प्रमुख अनिल सिंह के नेतृत्व में पहुँचे शिवसैनिकों ने सरयू तट पर पार्थिव पूजन के उपरांत राममंदिर आंदोलन के महानायक रामचंद्र दास परमहंस की समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किया। रामंदिर निर्माण समन्वय समिति के अध्यक्ष नारायण मिश्र द्वारा माल्यार्पण कर शिवसैनिकों का स्वागत भी किया गया। यहां से शिवसैनिकों का हुजूम पैदल मार्च करते हुये रामलला के दरबार पहुंचा और दर्शन पूजन किया। इस दौरान जयश्रीराम, रामलला हम आयेंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ के जयकारे भी गूंजते रहे। हरिद्वारी बाजार पहुंचने पर शिवसैनिकों ने रामलला के लिए प्रशासन की ओर से मौजूद सीओ अयोध्या केदारनाथ सिंह को तिरपाल भी भेंट किया। इस अवसर पर शिवसेना के राज्य प्रमुख अनिल सिंह ने कहा कि हमने भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प लिया है। 2019 से पहले मंदिर निर्माण कार्य अवश्य शुरू हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि 2019 तक मंदिर निर्माण नहीं शुरू हुआ तो शिवसेना ने जिस तरह बाबरी विध्वंस किया था उसी अंदाज में मंदिर निर्माण की मुहिम भी शुरू करेंगे। कहा कि हम मंदिर निर्माण की घोषणा करेंगे और तारीख भी बताएंगे। इस अवसर पर शिवसेना के प्रदेश महासचिव अभय द्विवेदी, सतीश शुक्ला, प्रदेश सचिव अनिरुद्ध देव त्रिपाठी, जिला प्रमुख संतराम पाण्डेय, संजय प्रधान, नागा रिंकूदास, अनिरुद्ध दास मौजूद रहे।
हिंदू महासभा ने किया रामलला का दर्शन
अयोध्या। हिंदू महासभा के संगठन मंत्री रवीद्र भाटी के नेतृत्व में विभिन्न प्रांतों से अयोध्या पहुंचे महासभा के कार्यकर्ताओं ने रामलला के दरबार में माथा टेका और राममंदिर निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान रवींद्र भाटी ने कहा कि हिन्दू महासभा ने अक्षय तृतीया 2018 से मंदिर निर्माण का संकल्प लिया है। 18 जून को सीतापुर जिले के नैमिषारण्य में हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी त्रिदण्डिदेव महाराज की अध्यक्षता में हुयी राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में रामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण करने का प्रस्ताव पारित किया गया है। भाटी ने कहा कि मंदिर मामले पर कोई सुलह-समझौता नहीं होगा, एक इंच जमीन भी किसी को नहीं देंगे। उनके साथ अयोध्या पहुुंचने वालों में प्रदेश कार्यसमिति के हरविंद सिंह, राजकिशोर, भीष्म प्रताप शर्मा, बाबा धर्मदास आदि शामिल थे।