राम मंदिर निर्माण से ही होगी राम राज्य की स्थापना
अयोध्या। कारसेवकपुरम में आयोजित श्री रामराज्य अभिषेक व विराट धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से ही रामराज्य का मार्ग प्रशस्त होगा, ऐसा हमारा विश्वास है। कहा कि प्रभु राम का बनवास पूरा हो और दिव्य मंदिर का निर्माण हो ऐसी कामना धार्मिक अनुष्ठान के माध्यमों से की जा रही है।
भारत एक आध्यात्मिक राष्ट्र है राम का चरित्र मानव समाज की आचार संहिता है। भारत सदैव संत धर्म आचार्यों के मार्गदर्शन में ऊर्जा प्राप्त करता रहा है। समस्त हिंदू जनमानस चाहता है कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो।
श्री राम जन्म भूमि न्यास के सदस्य महंत कमल नयन दास ने कहा कि भगवान श्री राम ने सामाजिक समरसता की स्थापना की भोले नाथ की नगरी से रामेश्वरम तक निकली रामराज्य रथ यात्रा उत्तर दक्षिण के संबंधों को प्रगाढ़ करने में अभिनव भूमिका निभा रही है।
संत समिति अयोध्या के अध्यक्ष महंत कन्हैया दास जी ने कहा कि इस अनुष्ठान के माध्यम से भारत को एक मजबूत प्रधानमंत्री मिलेगा। राम राज्य स्थापित होगा और राम मंदिर निर्माण का भी मार्ग प्रशस्त होगा।
इससे पूर्व श्री रामदास मिशन यूनिवर्सल सोसाइटी के तत्वाधान में निकली रामराज्य रथ यात्रा का कारसेवक पुरम में स्वागत हुआ। सभा का संचालन विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में महंत शशिकांत दास ,महंत रामानंद दास ,स्वामी शांतानंद ,स्वामी कृष्णानंद सरस्वती, नगर विधायक वेद गुप्ता, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, बजरंग दल के प्रांतीय सुरक्षा प्रमुख महेश मिश्र राम लाल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।