फैजाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने बैठक कर अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों के स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए हेल्थ प्रोफाइल डाटा बनाने का निर्णय लिया है। कुलपति ने कहा कि स्वास्थ्य गत चुनौतियों को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन सभी शिक्षक, कर्मचारियों का हेल्थ प्रोफाइल डेटा तैयार करने जा रहा है। इस क्रम में कुलपति ने सभी विभागाध्यक्ष को निर्देश दिया है कि सभी शिक्षक व कर्मचारियों को विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र से जारी प्रोर्फामा को भरकर केंद्र में जमा करना होगा ताकि सभी के स्वास्थ्य का एक डाटा बेस तैयार किया जा सके।
विश्वविद्यालय की इस महत्वपूर्ण योजना के तहत आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल आवश्यक उपचार दिया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्र की ओर से जारी डाटा कार्ड में नाम, पता, आपातकालीन स्थिति में प्रयोग किये जाने वाला मोबाइल नंबर के साथ-साथ उन बीमारियों एवं उन दवाओं का भी जिक्र करना होगा जिसका वह सेवन कर रहा है। कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित ने बताया कि विश्वविद्यालय शीघ्र ही नाड़ी रसायन, योगाथेरेपी, नेचुरलथिरेपी की भी ओपीडी शुरू करने जा रहा है। जल्द विश्वविद्यालय में बेहतर स्वास्थ्य के लिए रोग विशेषज्ञ एवं नेचरोपैथी के विशेषज्ञ उपलब्ध होंगे। बैठक में कुलसचिव प्रो. एसएन शुक्ल, मुख्य नियंता प्रो. आरएन राय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. आशुतोष सिन्हा, विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. आरके तिवारी, कला संकायध्यक्ष प्रो. एन के तिवारी, प्रो. के के वर्मा, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. राजीव गौड़, प्रो. रमापति मिश्र, प्रो. सिद्घार्थ शुक्ला, डॉ. फारूख जमाल, उप कुलसचिव उमानाथ एवं विनय सिंह भी उपस्थित रहे।