अयोध्या। राम मंदिर मामले पर भाजपा ने अपना कोई भी वादा नहीं निभाया और जनता को सिर्फ छलने का काम किया है। यह बात गुजरात के युवा नेता और किसान क्रांति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कही। हार्दिक कुशीनगर में रविवार को होने वाली किसान पंचायत में जाते समय कुछ समय के लिए यहां रुके थे।
हार्दिक ने कहा कि मंदिर के अलावा देश में और भी समस्याएं हैं। लोगों को रोजगार की जरूरत है, किसानों की समस्याओं का निराकरण होना चाहिए। केंद्र सरकार को किसानों की भलाई के लिए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करनी चाहिए। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ गई हैं, लूट, डकैती और बलात्कार आज आम बात है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब राम के नाम पर लोगों को दुखी कर रहे हैं, जबकि भगवान राम ने हमेशा अपनी प्रजा के सुख के लिए काम किया। योगी ने हनुमान जी को दलित बताया, तो उनके एमएलसी उन्हें मुसलमान बताते हैं। जिस तरह से भाजपा भगवान को जाति में बांट रही है, उससे साफ है कि भाजपा के पास अब कोई मुद्दा ही नहीं बचा है।
विश्व कबीर विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष संत उमाशंकर दास एवं भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा ने हार्दिक पटेल का स्वागत किया। उमाशंकर दास ने बताया कि हार्दिक जनवरी में अयोध्या से निकलने वाली कबीर बुद्ध किसान संदेश यात्रा में शिरकत करेंगे।