साकेत में नियंता मंडल व छात्र कल्याण परिषद भंग
अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में विगत दिनों मुख्य नियंता एसपी सिंह एवं लेखा लिपिक भूपेश्वर गुप्ता के बीच हुए विवाद के बाद प्राचार्य डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नियंता मंडल व छात्र कल्याण परिषद को भंग कर दिया है।
अब नए सिरे से नियंता मंडल व छात्र कल्याण परिषद का गठन होगा। सातवें वेतन आयोग के तहत एरियर भुगतान में हो रहे विलंब तथा एरियर बनाने में विभागीय लिपिकों की ओर से की जा रही हीलाहवाली को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
एरियर बनाने की जिम्मेदारी लेखा लिपिक भूपेश्वर गुप्ता को सौंपी गईं थी। उन्होंने एरियर बनाया लेकिन कुछ त्रुटियां रह गईं थी। प्राचार्य डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि एरियर बनाने में देरी को लेकर मुख्य नियंता व लिपिक में वाद-विवाद हो गया था।
दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया है। मामले में शिक्षक संघ भी उतर आया और चेतावनी दी कि 16 जनवरी तक यदि एरियर की पत्रावली नहीं तैयार की गई तो शिक्षक हड़ताल पर चले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि फिलहाल नियंता मंडल व छात्र कल्याण परिषद को भंग कर दिया गया है। हड़ताल की नौबत नहीं आएगी। सोमवार तक पत्रावली तैयार कर दी जाएगी। कहा कि अब नए सिरे से नियंता मंडल व छात्र कल्याण परिषद का गठन होगा।