सफाई तो आप भी कर सकते हो : डीएम
फैजाबाद। जिले के सभी तहसीलों में मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर बारिश का असर रहा। फरियादियों की संख्या पहले से कम रही। जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने मिल्कीपुर में समस्याएं सुनी।
शिकायतों के निस्तारण मेें शिथिलता पर नाराजगी जताई। जिले की सभी तहसीलों में कुल 520 शिकायतें आईं। इनमें से 22 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के मुताबिक सिधौना पूरे बसापुर गांव के रहने वाले वेद प्रकाश चौरसिया ने गांव में बनी सरकारी नालियां भरे होने का मामला डीएम डॉ. अनिल कुमार के सामने उठाया।
कहा कि कोई सफाई कर्मी गांव में नहीं आता है। इस पर डीएम ने कहा कि सफाई आप भी कर सकते हो। अगर आप नहीं कर पाते हो तो फिर हम आठ तारीख को आपके यहां सुबह सात बजे पहुंच खुद सफाई करेंगे।
उन्होंने वेद प्रकाश के प्रार्थना पत्र पर वीडियो मिल्कीपुर से आदेश करने को कहा वह उनकी ड्यूटी गांव में लगाएं जिससे वह खुद नाली साफ कर सकें।
डीएम ने अधिकारियों को नसीहत दी की समय रहते यदि पीड़ितों की शिकायतों का निपटारा नहीं किया तो लापरवाही पर कार्रवाई होगी। समाधान दिवस में 150 शिकायतें आईं। इनमें से छह का मौके पर निस्तारण किया गया।
समाधान दिवस में विधायक गोरखनाथ, सीएमओ डॉ. एके गुप्ता, परियोजना अधिकारी एके मिश्र, एसडीएम मिल्कीपुर केडी शर्मा, सीओ मिल्कीपुर रुची गुप्ता, बीडीयो मिल्कीपुर सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद थे।
सोहावल प्रतिनिधि के मुताबिक संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 97 शिकायतें आईं। इनमें से पांच शिकायतों का निस्तारण मौके पर करा दिया गया। ज्यादातर मामले पीड़ितों के आवास, जल निकासी व पात्र गृहस्थी से जुड़े सामने आए।
इस मौके पर एडीएम मदन चंद दूबे, एसडीएम राजीव शुक्ल, सीओ सदर वीरेंद्र विक्रम, बीकापुर विधायक शोभा सिंह, तहसीलदार वीके सिंह आदि विभागीय अधिकारी व राजस्व कर्मी शामिल रहे। सदर तहसील में कुल 89 शिकायतें आई।
इनमें से चार का मौके पर निस्तारण किया गया। समाधान दिवस में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता व एसडीएम के साथ तहसील स्तरीय अफसर मौजूद थे।
बीकापुर प्रतिनिधि के मुताबिक तहसीलदार दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 83 शिकायतें आई। इनमें से दो का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस में बीकापुर विधायक शोभासिंह भी पहुंची थी।
रुदौली प्रतिनिधि के मुताबिक एडीएम प्रशासन सोमदत्त मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों पर विधायक रामचंद्र यादव ने प्रभावी कार्रवाई कराने की बात कही।
कुल 101 शिकायतें आई इनमें से पांच शिकायतों का निस्तारण किया गया। उपजिला अधिकारी टीपी वर्मा, तहसीलदार शिव प्रसाद यादव, सीओ अमर सिंह समेत तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।