जिला अस्पताल में घंटो इलाज के लिए तड़पता रहा घायल
फैजाबाद। जिला अस्पताल फैजाबाद में बृहस्पतिवार को मानवीयता तार-तार होती दिखी। सड़क दुर्घटना में घायल एक ट्रक चालक घंटों इमरजेंसी के बाहर तड़पता रहा लेकिन बावजूद इसके वार्ड बॉय और वहां खड़े पुलिस कर्मियों ने घायल की कोई मदद नहीं की।
इस दौरान घायल ओम नम: शिवाय का जप करता रहा। इसकी सूचना जब सीएमएस डॉ. अशोक राय को मिली तब जाकर घायल को इलाज के लिए ओपीडी में लाया गया।
कैंट थाना अंतर्गत सहादत गंज आरकेबीके के निकट एक 35 वर्षीय युवक के घायल पड़े होने की सूचना कैंट पुलिस को दी गई। घायल युवक को चीता सिपाही मनीष सिंह गिल द्वारा जिला चिकित्सालय बाइक से लाकर इमरजेंसी के बाहर उतार दिया गया।
वह कुछ देर तक जमीन पर तड़पता रहा लेकिन पुलिस और अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा उसे भर्ती करने की जहमत नहीं उठाई गई। वही लाने वाला सिपाही मनीष सिंह गिल भी उसे जमीन पर लिटा कर बातचीत करने में मशगूल रहा।
इसकी सूचना सीएमएस डॉ. अशोक राय को मिली तो वह तत्काल पहुंचे और कर्मचारियों को फटकार लगाने पर घायल युवक का उपचार शुरू किया गया। घायल ट्रक चालक बताया जा रहा है, पास में मिले मोबाइल नंबर से उसकी पहचान राम इकबाल वर्मा निवासी मूसेपुर कोतवाली अकबरपुर जिला अंबेडकरनगर के रूप में हुई है।