रामायणकालीन प्रसंगों से सुसज्जित होगा रेलवे स्टेशन
अयोध्या। अयोध्या रेलवे स्टेशन पर उतरते ही अब भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में पहुंचने का अहसास हो जाएगा। रेलवे स्टेशन अयोध्या को उसकी गरिमा के अनुकूल विकसित करने की तैयारी तेज है। 80 करोड़ की लागत से रेलवे स्टेशन का उच्चीकरण होने जा रहा है। रेलवे स्टेशन नए भवन में स्थापित होगा इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। तीन महीने के भीतर काम भी शुरू हो जाने की उम्मीद है। अयोध्या रेलवे स्टेशन को रामायणकालीन प्रसंगों एवं भित्तिचित्रों से सजाने की योजना है। डीआरएम सतीश कुमार ने शुक्रवार को सांसद लल्लू सिंह के साथ तैयारियों का निरीक्षण किया।
कुछ महीनों पूर्व अयोध्या दौरे पर आए केंद्रीय रेलमंत्री मनोज सिन्हा ने 80 करोड़ से अयोध्या रेलवे स्टेशन के उच्चीकरण की घोषणा की थी जिस पर काम शुरू हो गया है। डीआरएम सतीश कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन के उच्चीकरण की तैयारी तेज हो गई है। नए भवन के लिए ड्राइंग एवं लेआउट भी बन गए हैं। टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। तीन महीने के भीतर काम शुरू होने की उम्मीद है। कहा कि अयोध्या रेलवे स्टेशन का उच्चीकरण 80 करोड़ की लागत से होने जा रहा है। नए भवन में रेलवे स्टेशन स्थानांतरित होगा। अयोध्या की गरिमा के अनुकूल स्टेशन को भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। स्टेशन पर उतरते ही श्रद्धालुओं को अहसास हो जाएगा कि वह अयोध्या में प्रवेश कर चुके हैं। बताया कि तीन फेज में काम होना है। निरीक्षण के दौरान डीईएन रेलवे हरीश कुमार, स्टेशन अधीक्षक जीपी सिंह, आरपीएफ प्रभारी प्रवेश सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा स्टेशन
अयोध्या का रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि नए स्टेशन में यात्री सुविधाओं को विशेष ख्याल रखा गया है। अयोध्या का नवीन स्टेशन पुराने निर्माण को ध्वस्त करके बनाया जायेगा। नया रेलवे स्टेशन 140 मीटर लंबा व 32 मीटर चौड़ा होगा। यहां रेलवे कर्मचारियों के पुराने आवासीय मकान को गिराकर 53 नये क्वार्टर का निर्माण स्टेशन के बायीं तरफ कराया जायेगा। साढ़े दस मीटर चौड़ी सड़क का भी निर्माण होगा। दोनों तरफ से प्रवेश के रास्ते होंगे। आठ एक्सीलेटर व आठ लिफ्ट लगाई जाएगी। फुट ओवरब्रिज सहित विशाल पार्किंग की व्यवस्था होगी। टिकट घर को आधुनिक रूप दिया जाएगा। स्टेशन परिसर को रामायणकालीन प्रसंगों से सजाया जाएगा। विभिन्न मंदिरों के भित्तिचित्र एवं रामायणकालीन प्रसंगों से परिसर को भव्य रूप देने का काम होगा। स्टेशन व पार्किंग के बीच में एक गार्डन भी विकसित किया जाएगा।
शीघ्र स्थानांतरित होगा कोल डिपो
सांसद लल्लू सिंह मालगोदाम शिफ्टिंग को लेकर डीआरएम के साथ सलारपुर पहुंचे। यहां निर्माण होने वाले मालगोदाम व सलारपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। बताया कि रेलवे स्टेशन के समीप स्थित कोयला डिपो के भी स्थानांतरण की योजना बन गई है। कोयला डिपो के स्थानांतरण की मांग वर्षों से उठती रही है। डीआरएम रेलवे सतीश कुमार ने कोयला डिपो के स्थानांतरण के लिए सोहावल व दर्शन नगर में जमीन देखी जा चुकी है। न्होंने कहा कि यह काम भी शीघ्र हो जाएगा।