रौजागांव रेलवे स्टेशन के यार्ड में रविवार रात हादसा
रौजागांव (फैजाबाद)। कोतवाली रुदौली अंतर्गत फैजाबाद-लखनऊ रेल प्रखंड पर रौजागांव रेलवे स्टेशन के यार्ड में रविवार रात साबरमती एक्सप्रेस से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। युवक फैजाबाद से पुणे जा रहा था।
रुदौली कोतवाली अंतर्गत फैजाबाद-लखनऊ रेल प्रखंड के रौजागांव स्टेशन के यार्ड में रविवार रात लगभग साढ़े आठ बजे साबरमती एक्सप्रेस से फैजाबाद से पुणे जा रहा अच्छे लाल यादव (22) पुत्र रामअवध यादव निवासी मुगीसपुर थाना तारुन अज्ञात कारणों से ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
साथ में जा रहे युवक के मित्र रोहित प्रजापति ने ट्रेन रुकवाकर इसकी जानकारी स्टेशन अधीक्षक को दी, जिन्होंने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी रुदौली पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। चिकित्सक ने युवक की मृत्यु की वजह सिर में चोट लगना बताया है।
मृतक युवक पुणे में फाइबर की एक फैक्ट्री में काम करता था। कोतवाल जयवीर सिंह ने बताया कि परिवारजनों को सूचना देकर बुला लिया गया है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।