फूल-बंगला की झांकी के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
अमर उजाला ब्यूरो
अयोध्या। श्रीमणिरामदास जी की छावनी के महंत नृत्यगोपाल दास जी महाराज के जन्मोत्सव समारोह का गुरुवार को भंडारे के साथ समापन हो गया। इस दौरान पावन सानिध्य में सुभव्य मनोहारी फूल-बंगला झांकी का दर्शन कर संत-महंत और भक्त धन्य हो गए। उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास के संयोजकत्व में लगभग 10 हजार संतों, महंतों और भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
फूल-बंगला झांकी में बेला, चमेली, गेंदा, गुलाब आदि पुष्पों की लड़ियों, मालाओं, पुष्पगुच्छों से सजा भगवान का दरबार भक्तों की श्रद्धा व आकर्षण का केंद्र बना रहा। उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास शास्त्री ने बताया कि, भारत के विभिन्न महानगरों, प्रांतों से मंगाए गए अनेक रमणीक एवं सुगंधित पुष्पों से सुदूर प्रांतों से आए निपुण कलाकारों द्वारा भगवान की फूलबंगला झांकी सजाई गई जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही।