इलाहाबाद हाईवे पर चौरेबाजार में यात्रियों को उतार रही प्रयाग डिपो की बस को बेकाबू ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। इसमें बस चालक व परिचालक सहित 24 यात्री घायल हो गए। छह यात्रियों को कोतवाली पुलिस सीएचसी लाई, जहां उपचार के बाद चिकित्सक ने सभी को घर भेज दिया।
अन्य यात्री दुर्घटना स्थल से निजी अस्पतालों या सुल्तानपुर अपने घर के लिए दूसरे साधन से रवाना हो गए। कोतवाली पुलिस ने बस के परिचालक की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक व खलासी फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार प्रयाग डिपो की परिवहन निगम की बस करीब 45 सवारियों को लेकर इलाहाबाद से बस्ती जा रही थी। चौरे बाजार में बस रोककर कुछ सवारियां नीचे उतर रही थीं। इस दौरान फैजाबाद की तरफ से सुल्तानपुर जा रही एक खाली ट्रक ने बस को टक्र मार दी।
सूचना पर सीओ आभा पांडे, बीकापुर कोतवाल दुर्गेश मिश्र, चौकी प्रभारी चौरेबाजार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। लोगों ने बस में फंसे चालक को आधे घंटे की मशक्कत के बाद बस की चादर काटकर बाहर निकाला।
सभी घायलों को पुलिस के वाहन व एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी बीकापुर लाया गया। मामूली रूप से घायल यात्रियों को पीछे आ रही परिवहन निगम की दूसरी बस से रवाना किया गया।
प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्र ने बताया कि बस के परिचालक जितेंद्र कुमार की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक व खलासी फरार हो गए। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
घायलों का सीएचसी में हुआ इलाज
हादसे में नीतू (35) पत्नी नीरज, लाडो (12) पुत्री नीरज, नमन (8) पुत्री नीरज, राधिका (4) पुत्री नीरज सभी निवासी गिरधर चौराहा मिर्जापुर व बस चालक मोहम्मद रिजवान (34) निवासी बुझी थाना कंधई प्रतापगढ़ व परिचालक जितेंद्र कुमार (28) निवासी सरायममरेज इलाहाबाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर लाया गया।
वहां उपचार के बाद डॉक्टर सतीश चंद्रा ने सभी को घर भेज दिया। हादसे में बस चालक मोहम्मद रिजवान को ज्यादा चोट आई हैं।