निरीक्षण में बंद मिला राजकीय कृषि बीज भंडार
पशु चिकित्साधिकारी, प्रभारी सीडीपीओ, एडीओ सहित चार मिले अनुपस्थित
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। मुख्य विकास अधिकारी के निरीक्षण में अमानीगंज का राजकीय बीज भंडार बंद मिला। विभिन्न कार्यालयों के निरीक्षण में पशु चिकित्साधिकारी, प्रभारी सीडीपीओ, एडीओ सहित चार लोग अनुपस्थित पाए गए। अब इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखे जाने की तैयारी है।
मुख्य विकास अधिकारी रवीश गुप्ता मंगलवार को अचानक अमानीगंज विकास खंड का औचक निरीक्षण करने निकल गए। बताया गया है कि ब्लॉक मुख्यालय पर उन्होंने विभिन्न दस्तावेजों का निरीक्षण किया। साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। बताया गया है कि यहां तैनात रहे सहायक विकास अधिकारी आएसबी और उर्दू अनुवादक अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ ने यहां के पशु चिकित्सालय का निरीक्षण किया तो यहां के पशु चिकित्साधिकारी भी अस्पताल से अनुपस्थिति मिले। सीडीओ ने राजकीय कृषि बीज भंडार का निरीक्षण किया तो वह बंद मिला। आसपास के लोगों का कहना था कि सहायक विकास अधिकारी यहां बहुत ही कम आते हैं। विकासखंड में एक कर्मचारी ने मौजूद रहते हुए भी हस्ताक्षर नहीं बनाया था। बाल विकास विभाग के निरीक्षण के दौरान प्रभारी सीडीपीओ भी कार्यालय में अनुपस्थित पाई गई। सीडीओ ने भी कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान कर्मियों के अनुपस्थित पाए जाने की बात बताई है। राजकीय कृषि बीज भंडार के बंद होने को लेकर कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जाने की तैयारी है। इसके साथ ही अनुपस्थिति पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ अगली कार्रवाई के लिए भी पत्र भेजे जाने की बात सीडीओ कार्यालय से बताई गई है।