आम बीनने गई किशोरी को बेरहमी से पीटा, हालत गंभीर
ननिहाल आई थी लड़की, आरोपी पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
तारुन (फैजाबाद)। थाना क्षेत्र हैदरगंज के कोरो राघवपुर गांव में ननिहाल आई एक किशोरी मंगलवार को बाग में आम बीनने गई थी, इसी दौरान उसे गांव के ही एक युवक ने लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। किशोरी को बेहोशी की हालत में तारुन सीएचसी पर लाया गया जहां डॉक्टरों ने गंभीरावस्था में उसे फैजाबाद रेफर कर दिया। किशोरी के नाना राम अकबाल सिंह ने आरोपी युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राम अकबाल सिंह की बेटी बेबी का विवाह सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र के जरई कला गांव में धर्मवीर सिंह के साथ हुआ है। इन दोनों की बेटी शिवानी सिंह गर्मी की छुट्टी मनाने अपने ननिहाल कोरो राघवपुर मजरे मटियरवा आयी थी। मंगलवार की सुबह 10 बजे शिवानी अपने नाना के बाग में आम बीनने गयी थी। शिवानी के साथ गांव की आशा बहू किरन सिंह की बेटी नम्रता व आरती व सोनाली भी थी। बताया गया कि बाग का एक अन्य हिस्सेदार अंगद सिंह का बेटा विशाल सिंह बाग में पहुंचकर शिवानी को गाली देने लगा, उसके विरोध करने पर विशाल ने शिवानी को डंडे से पीटकर अधमरा कर दिया। शिवानी के साथ आम तोड़ने गयी अन्य किशोरियां भाग कर उसके घर पहुंची और पूरी बात बतायी। राम अकबाल ने परिवारीजनों के सहयोग से अपनी पोती को तारुन अस्पताल पहुंचाया। शिवानी के मुंह से खून निकलने व बेहोश होने से उसे फैजाबाद रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष हैदरगंज शैलेंद्र गिरि ने बताया कि राम अकबाल की तहरीर पर आरोपी विशाल सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जा रही है।