गैस रिफलिंग में दो दुकानदारों पर कार्रवाई
डीएम के निर्देश पर कई क्षेत्रों में छापेमारी
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। गैस रिफलिंग के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से डीएम के निर्देश पर पुलिस एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के कई क्षेत्रों में छापेमारी की। इसमें दो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से गैस रिफलिंग का धंधा करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
टीम का नेतृत्व कर रहे एसडीएम बृजेंद्र द्विवेदी ने बताया कि जिले के नियावां, साहबगंज, नाका, नवीन मंडी, मकबरा, कसाबबाड़ा सहित बड़ी देवकाली क्षेत्र में छापेमारी की गई, जिसमें देवकाली स्थित एक दुकान पर आठ छोटे व तीन बड़े सिलेंडर व इसी एरिया की दूसरी दुकान पर दो बड़े गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। दोनों दुकानदारों के विरुद्ध एलपीजी एक्ट व ईसी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी शोभनाथ यादव ने बताया कि गैस की अवैध रिफलिंग करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी। छापेमारी टीम में पूर्ति निरीक्षक अर्चना सिंह, विनोद यादव आदि शामिल रहे।