जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 107 प्रत्याशियों ने शनिवार को लाव-लश्कर के साथ पहुंचकर अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। दूसरे चरण में जिला पंचायत की 12 सीटों के लिए कुल 205 प्रत्याशी मैदान में आ गए हैं।
शनिवार को सोहावल, रुदौली और मवई के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो गई। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट में प्रवेश के दौरान पुलिस और नामांकन करने वालों के बीच कहासुनी भी हुई।
इस दौरान अंदर से बाहर तक सुरक्षा के लिए पुलिस व पीएसी के जवान लगाए गए थे। दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को शुरू हुई थी।
शनिवार को आखिरी दिन नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर खासी गहमागहमी रही। दोपहर बाद वाहनों के लंबे काफिलों के साथ प्रत्याशियों का आना शुरू हुआ तो कलेक्ट्रेट के बाहर भारी भीड़ हो गई।
नामांकन कराने के लिए सूबे के मंत्री अवधेश प्रसाद, विधायक रामचंद्र यादव सहित विभिन्न दलों के नेता भी पहुंचे थे। कलेक्ट्रेट परिसर में एक दो प्रत्याशियों को भेजा जा रहा था।
प्रत्याशियों ने सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय परिसर में रिटर्निंग अफसर पीएस शुक्ल के सामने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान सूबे के मंत्री के पहुंचने पर प्रत्याशी का नामांकन कराने को लेकर नोकझोंक भी हुई।
पहले से नामांकन कराने के लिए खड़े एक प्रत्याशी ने कहा कि मंत्री के आने पर पहले नामांकन कराया जाएगा। वह घंटों से खड़ा है। कलेक्ट्रेट गेट पर भी प्रवेश को लेकर कहासुनी की नौबत रही।
जिला मजिस्ट्रेट के मुताबिक, शनिवार को कुल 107 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। अब दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या 205 हो गई है।